प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 16 फरवरी को संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, उनके आने का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। इस दौरान वे पूजा-अर्चना करेंगे और कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस ने इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांग्रेस सेवा दल का शिविर बनेगा मुख्य केंद्र
महाकुंभ में कांग्रेस सेवा दल ने सेक्टर-15, तुलसी मार्ग पर एक विशाल सेवा शिविर स्थापित किया है। राहुल और प्रियंका इसी शिविर में सेवा दल के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और महाकुंभ में किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
1000 कांग्रेसी करेंगे संगम स्नान
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राहुल और प्रियंका के साथ लगभग 1000 कांग्रेसी संगम में डुबकी लगाएंगे। कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि 5 से 10 फरवरी के बीच अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी संगम स्नान के लिए आ सकते हैं।
प्रियंका गांधी का कुंभ से गहरा जुड़ाव
प्रियंका गांधी इससे पहले भी कई बार संगम स्नान कर चुकी हैं। वे 11 फरवरी 2021 को प्रयागराज आई थीं और संगम में स्नान करने के बाद पूजा-पाठ किया था। इसके अलावा, 2019 के अर्धकुंभ में भी उन्होंने संगम में डुबकी लगाई थी।
गांधी परिवार की कुंभ परंपरा
कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय ने बताया कि गांधी परिवार का महाकुंभ और संगम स्नान से गहरा संबंध रहा है। वर्ष 2000 में सोनिया गांधी ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। उन्होंने कहा, “हम सभी चाहते हैं कि राहुल और प्रियंका महाकुंभ में संगम स्नान करें और कांग्रेस सेवा शिविर में शामिल हों।”
महाकुंभ में कांग्रेस की सक्रिय भूमिका
कांग्रेस सेवा दल द्वारा लगाए गए सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को लगातार सहायता प्रदान की जा रही है। शिविर में भोजन, चिकित्सा सहायता और विश्राम स्थल की व्यवस्था की गई है। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि राहुल और प्रियंका की उपस्थिति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ेगा।

