609 नियुक्तियों के लिए अभ्यर्थियों को पत्र सौंपे गए, किसानों को कृषि उपकरण पर 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिलेगी

Pushkar Singh Dhami:

उत्तराखंड में स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अब चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया जारी है। इस कड़ी में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषि, उद्यान और समाज कल्याण विभाग में चयनित 609 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसमें 333 सहायक कृषि अधिकारी, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के 37 वर्ग 2 और 227 वर्ग 3 अधिकारी, साथ ही 12 सहायक समाज कल्याण अधिकारी शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी चयनित उम्मीदवारों को बधाई दी और कहा कि अब उनके जीवन में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उम्मीदवार कृषि और समाज कल्याण के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभाएंगे, साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचार लाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में योगदान देंगे।

किसानों को ब्याज मुक्त 3 लाख रुपए तक का लोन

राज्य सरकार द्वारा किसानों को बिना ब्याज के 3 लाख रुपए तक का लोन दिया जा रहा है। इसके अलावा, फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत किसानों को कृषि उपकरण खरीदने के लिए 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा स्टेट मिलेट मिशन के तहत पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को मिलेट्स के उचित मूल्य पर खरीदने की सुविधा दी जा रही है।

जैविक चाय बागानों के लिए काम

धौलादेवी, मुन्स्यारी और बेतालघाट के चाय बागानों को जैविक चाय बागानों में बदलने की दिशा में काम चल रहा है। सीएम ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए 18 हजार पॉलीहाउस का निर्माण किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती को समृद्ध करने के लिए 1000 करोड़ रुपए की लागत से उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, एप्पल और किवी मिशन पर भी कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में 20 हजार से अधिक युवाओं को राज्य सरकार की सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *